मोहम्मदी। हाइडिल में बुधवार पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे हुआ हंगामा मोबाइल से रिकॉर्डिंग करने से शुरू हुआ था, जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गया। करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। हाइडिल परिसर में नलकूप का ट्रांसफार्मर बदले जाने को लेकर जेई के साथ चल रही बातचीत का वीडियो एक ग्रामीण रिकॉर्ड कर रहा था। आरोप है कि एक स्टाफ के एक व्यक्ति ने मोबाइल पर झपट्टा मारकर मोबाइल गिरा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में तकरार शुरू हो गई। यहीं से विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
मारपीट के बाद करीब दो घंटे तक हाइडिल में हंगामा चलता रहा। विवाद की सूचना पर मोहम्मदी थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अगर समय पर पुलिस न पहुंचती तो विवाद और बड़ा हो सकता था। घटना के बाद मोहम्मदी हाइडिल में बुधवार देर शाम तक पुलिस फोर्स तैनात रही, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो सके। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।