फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: आश्वासन पर माने परिजन, साढ़े तीन घंटे बाद सामान्य हुई इमरजेंसी

Tue, 14 Jul 2026 12:39 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
ओयल। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सर्पदंश पीड़ित रंजीत (27) पुत्र दिलीप निवासी ज्ञानपुर की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कई घंटे चली मान-मनौव्वल के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) के जांच और कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं करीब साढ़े तीन घंटे बाधित रही।
विज्ञापन

मृतक के फूफा विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि रंजीत गांव के बाहर पलिया मार्ग पर परचून की दुकान चलाता था। रविवार को दुकान पर बैठे समय उसे सांप ने काट लिया। परिजन शाम करीब 6:30 बजे उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका सैंपल लिया। आरोप है कि डॉक्टर बीपी बढ़ा होने की बात कहकर उसे टहलाते रहे। सर्पदंश वाली जगह पर बंधा बंधन भी खुलवा दिया, लेकिन एंटी स्नेक वेनम (वैक्सीन) नहीं लगाई। इससे शरीर में जहर फैल गया और शाम करीब 7:30 बजे उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें दौड़ा लिया। सूचना पर ओयल चौकी प्रभारी डिंपल सिंह, जिला अस्पताल चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह, बनिका बीट प्रभारी लल्लन सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। मामला शांत न होने पर थाना खीरी प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। बाद में जिला अस्पताल के सहायक चिकित्साधीक्षक डॉ. संतोष मिश्र ने परिजनों को समझाने और कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन वे नहीं माने।
विज्ञापन

रात्रि करीब 8 बजे से 10:45 बजे तक इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित रहीं। इसके बाद सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से करीब आधे घंटे तक वार्ता कर पूरे प्रकरण की जांच और दोषी चिकित्सक पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए।
एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है।

जांच टीम गठित
सोमवार को जिला अस्पताल के अस्थि रोग सर्जन डा. एके द्विवेदी, डा. नवीन गुप्ता एवं डा. दीपेंद्र गौतम ने पोस्टमार्टम किया। बताते हैं कि पीएम रिपोर्ट में रंजीत की मौत का कारण सर्पदंश आया है। सीएमओ ने बताया कि डिप्टी सीएमओ डा. प्रमोद रावत के नेतृत्व में जांच टीम गठित की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें