लखीमपुर खीरी। जिले में रविवार को रसोइयों के सम्मान और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण के कार्यक्रम हुए। कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। इसके बाद रसोइयों को सम्मानित कर कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
रसोइयों का मानदेय दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है। दुर्घटना में दो लाख रुपये का बीमा कवर, रसोइया या परिवार के किसी सदस्य के लिए सालाना पांच लाख रुपये तक नि:शुल्क उपचार और वस्त्र भत्ते में दोगुनी बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह रसोइयों के लिए हर्ष और सौभाग्य का दिन है। रसोइया बच्चों के लिए भोजन तैयार करने के साथ पौष्टिक भोजन के माध्यम से उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सीडीओ अभिषेक कुमार ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और दायित्व के प्रति गंभीरता बरतने की अपील की।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में खीरी की रसोइया सीमा सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया।
-
धौरहरा में भी बांटे कैशलेस कार्ड
धौरहरा। तहसील सभागार में मिड-डे मील रसोइया सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम हुआ। अध्यक्षता धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने की। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। विधायक ने कहा कि ईसानगर क्षेत्र के सेमरिया की रसोइया सीमा सिंह को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। धौरहरा, ईसानगर और रमियाबेहड़ क्षेत्र की रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। विधायक ने रसोइयों की भूमिका की सराहना की। संवाद
पलिया में रसोइयों को दिए कार्ड और पुरस्कार
पलियाकलां। ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बेसिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों का कार्यक्रम हुआ। इसमें मानदेय में 1000 रुपये की वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा योजना, दो लाख रुपये तक दुर्घटना बीमा सहायता और परिधान योजना के लाभ की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और पुरस्कार दिए गए।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र शुक्ला और खंड शिक्षा अधिकारी रमन सिंह मौजूद रहे। राजेश मिश्रा, अमित त्रिवेदी, कौशल प्रजापति, ललित कुमार, रविन्द्र कुमार, विनय कुमार, रवि कुमार, ज्ञानेश तिवारी व अन्य शिक्षक मौजूद रहे। संवाद
मितौली में रसोइयों का सम्मान
मितौली। ब्लॉक सभागार में रसोइयों का सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम हुआ। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जुगल किशोर और खंड शिक्षा अधिकारी भगवान राव ने रसोइयों को सम्मानित कर कार्ड वितरित किए। रसोइयों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि कार्ड से उपचार के दौरान सुविधा मिलेगी। अध्यापक सलीम अहमद, मुनेश कुमार सहित अधिकारी-कर्मचारी और रसोइया मौजूद रहीं। संवाद
कलेक्ट्रेट सभागार में रसोइयों को सम्मानित करते अधिकारी। संवाद