पलिया के चमन चौराहे पर झुका हुआ खंभा। संवाद
पलियाकलां। शहर के चमन चौराहे के बीचोबीच खड़ा बिजली का एक खंभा इस कदर झुक गया है कि कभी भी राहगीरों या दुकानदारों पर गिर सकता है। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय लोग कई बार विद्युत निगम और नगर पालिका के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका है।
चमन चौराहे के दुकानदारों का कहना है कि यह इलाका बेहद व्यस्त रहता है। सुबह से देर रात तक यहां से सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। सबसे ज्यादा चिंता उन स्कूली बच्चों को लेकर है, जो इसी खंभे के नीचे से पैदल और साइकिल से रोजाना निकलते हैं। खंभे का झुकाव दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जिससे आसपास की दुकानों और राहगीरों पर हमेशा खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिजली निगम के अधिकारियों को कई बार इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन वे मौके पर पहुंचकर भी अनजान बने हुए हैं। लोगों ने मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले खंभे को दुरुस्त कराया जाए।