पलिया तहसील गेट पर थाना प्रभारी का पुतला फूंकते अधिवक्ता।
पलियाकलां। पलिया तहसील के अधिवक्ता प्रदीप कुमार यादव की बीते दिनों इब्राहिमपुरी कॉलोनी में हुई पिटाई के मामले में पुलिस पर हीलाहवाली करने और आरोपियों को गिरफ्तार न किए जाने का आरोप लगाते हुए पलिया बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में गेट तक जुलूस निकाला। संपूर्णानगर थाना प्रभारी का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की।
अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्तिकेय सिंह को दिया। कहा कि 18 जून को इब्राहिमपुरी कॉलोनी में अधिवक्ता प्रदीप यादव को एक मामले में पैरवी करने के लिए दबंगों ने पिटाई की थी। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है। 15 दिन बीत जाने के बाद भी मामले में न तो अभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और न ही कोई आगे की कार्रवाई संपूर्णानगर पुलिस द्वारा बढ़ाई गई है।
आरोपियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई किए जाने के साथ ही अधिवक्ताओं को सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग भी की गई है। इस दौरान पलिया बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जीवन प्रकाश मेनरो, महामंत्री अजीत सिंह, पूर्व अध्यक्ष श्रीष द्विवेदी, दीपक पांडेय, रामचंद्र गौतम, राजाराम वर्मा, जगदीश चंद्र सोनी, रामू त्रिवेदी, कमलेश कुमार, रंजीत कुमार, बनारसी लाल समेत भारी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।