फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: डीसीएम पर चढ़कर झूलते तार हटा रहा था चालक, करंट से मौत

Tue, 23 Jun 2026 11:27 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
मृतक वारिस का फाइल फोटो - फोटो : योगेश कुशवाहा
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी/रमियाबेहड़। निघासन डिवीजन के प्रमोधापुर गांव में मंगलवार सुबह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से खमरिया के ऊंचगांव निवासी डीसीएम चालक वारिस उर्फ मेड़ाई (40) पुत्र मोहम्मद रजा की मौत हो गई।
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक डीसीएम पर चढ़कर झूलते तारों को डंडे से हटाने का प्रयास कर रहा था, तभी करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद लाइन की ऊंचाई को लेकर पुलिस और बिजली निगम के दावे भी आमने-सामने आ गए हैं।
बताया जाता है कि वारिस मंगलवार सुबह डीसीएम लेकर प्रमोधापुर गांव में केला भरने गया था। खरवहिया और प्रमोधापुर गांव के बीच रास्ते में बिजली के तार झूल रहे थे। चालक डीसीएम के ऊपर चढ़कर तार हटाने लगा।
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही तार किसी डंडे से छुआ, तेज आवाज के साथ डीसीएम से धुआं निकलने लगा और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पढुआ थानाध्यक्ष मोहित पुंडीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को डीसीएम से नीचे उतरवाया। सूचना पर परिजन और रिश्तेदार भी पहुंच गए।
थानाध्यक्ष के बुलाने पर जेई मौके पर पहुंचे और डीसीएम से तार हटाने का काम किया। थानाध्यक्ष मोहित पुंडीर ने बताया कि जहां हादसा हुआ है, वहां हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई कुछ कम लग रही है। डीसीएम में तार टच होने की आशंका पर चालक डंडे से तार उठाने गया था कि हादसा हो गया। सहायक अभियंता को मौके पर बुलाकर लाइन सही कराई जा रही है।

निर्धारित मानक के अनुसार तारों को टाइट करने के लिए एसडीओ समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही तारों को दुरुस्त करा दिया जाएगा। घटना में कोई अन्य घायल नहीं है। जहां हादसा हुआ है, वहां हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई कुछ कम लग रही है।
-शिवम कुमार, सीओ निघासन

विद्युत निगम ने प्रेसनोट जारी कर दी सफाई
घटना के बाद निघासन डिवीजन से प्रेसनोट जारी कर विद्युत निगम ने अपना पक्ष रखा। प्रेसनोट में कहा गया कि 33/11 केवी ढखेरवा विद्युत उपकेंद्र से निर्गत 11 केवी फीडर गौरिया के ग्राम प्रमोधापुर में हुई विद्युत दुर्घटना की जांच में सामने आया है कि मंगलवार सुबह करीब नौ बजे ट्रक संख्या यूपी 83 एटी 8507 का चालक खड़ंजा मार्ग से ट्रक लेकर प्रमोधापुर गांव पहुंचा। केला लोड करने के लिए ट्रक खड़ा कर वह उसकी छत पर चढ़कर तिरपाल और रस्सा खोल रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रही 11 केवी लाइन का ध्यान नहीं रहा और चूकवश उसके संपर्क में आने से यह घटना हुई। निगम ने दावा किया है कि विद्युत लाइन अपनी निर्धारित ऊंचाई पर थी।
-
घटना की एक और जांच जुड़ी, कार्रवाई कब और क्या होगी पता नहीं
खीरी टाउन के मोहल्ला पट्टी रामदास में 11 जून को बरातियों की बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई थी और कई लोग झुलस गए थे। घटना के बाद जेई और पेट्रोलमैन को लापरवाही का दोषी मानते हुए निलंबित किया गया था तथा जेई पर रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। बाद में जेई विमल ने मैसर्स काकुल ट्रेडर्स के प्रोपराइटर फराज खान, पेट्रोलमैन शाकिर एवं निविदा कर्मी संजीत कुमार के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया कि काकुल ट्रेडर्स के प्रोपराइटर ने दोनों कर्मचारियों से संपर्क कर उनकी अनुमति के बिना सप्लाई चालू कर दी थी, जिसकी वजह से हादसा हुआ। इस मामले में जांच की बातें हुईं, लेकिन अब तक कोई नतीजा सामने नहीं आया है। अब निघासन की घटना भी जांच के दायरे में जुड़ गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-
खीरी टाउन वाली घटना की जांच चल रही है। निघासन वाली घटना में विद्युत लाइन की ऊंचाई पर्याप्त है। हादसा चालक के डीसीएम की छत पर चढ़कर तिरपाल एवं रस्सा खोलने के दौरान हुआ है। फिर भी पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- राजीव कुमार यादव, अधीक्षण अभियंता, लखीमपुर सर्किल

मृतक वारिस का फाइल फोटो- फोटो : योगेश कुशवाहा

मृतक वारिस का फाइल फोटो- फोटो : योगेश कुशवाहा

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें