शाहजहांपुर निवासी जालसाज ने कस्बा मोहम्मदी में एक सराफा व्यापारी से खुद को ट्रॉमा सेंटर का डॉक्टर बताते हुए सोने की चेन ठग ली। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली है।
मोहम्मदी के मोहल्ला भीतर मोहम्मदी सराफा व्यापारी अतुल रस्तोगी की सरकारी अस्पताल के पास सराफे की दुकान है। बताया कि शनिवार दोपहर एक मोबाइल नंबर से फोन आया। दूसरी तरफ से खुद को डॉक्टर माता प्रसाद मिश्रा बताते हुए कहा कि ट्रॉमा सेंटर शाहजहांपुर रोड से बोल रहा है। मरीजों की भीड़ बहुत है। एक 10 ग्राम सोने की चेन गिफ्ट में देनी है, यहां भिजवा दीजिए।
जालसाज ले गया सोने की चेन
इस पर अतुल रस्तोगी ने अपने आदमी के हाथ वहां चेन भिजवा दी। आदमी ने स्कूटी खड़ी ही की थी कि वह व्यक्ति आ गया और कहा कि अतुल ने जो चेन भेजी है वह दे दो। इस पर उसने कहा कि वह सिर्फ चेन दिखाने के लिए लाया है। ठग ने उससे रोडवेज बस स्टेशन के पास मोनू मेडिकल स्टोर से पैसे लेने की बात कही। जब दुकान का आदमी रोडवेज बस स्टेशन पहुंचा तो इस नाम का कोई मेडिकल स्टोर नहीं मिला। उसने सारी घटना अतुल रस्तोगी को बताई।
उन्होंने फोन नंबर पर कॉल की तो वह मोबाइल एक फल विक्रेता शमशुद्दीन का निकला। शमशुद्दीन ने बताया कि एक व्यक्ति हमारे पास फल लेने आए थे, उन्होंने बात करने के लिए फोन लिया था। पुलिस ने घटना को संज्ञान में लेते हुए ट्रॉमा सेंटर पर जाकर पूछताछ की। इंस्पेक्टर अंबर सिंह ने बताया कि ट्रामा सेंटर के चिकित्सक बताकर व्यापारी अतुल रस्तोगी से एक ठग ने चेन ठग ली। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।