जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर बैठे मरीज संवाद
ओयल। महिला अस्पताल के बाद अब जिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने से मरीजों को परेशानी हो रही है। चार दिन से मशीन खराब होने से मरीज रोज चक्कर काटने को मजबूर हैं। वहीं निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर मरीजों से मनमाने रुपये वसूले जा रहे हैं।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1200 से 1400 मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। इनमें जनपद के दूर-दराज के इलाकों सहित पड़ोसी जनपद सीतापुर के मरीज भी बड़ी संख्या में होते हैं। इन मरीजों में से करीब 100 से 150 मरीजों को डॉक्टर अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह देते हैं।
यहां बता दें कि सितंबर में महिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन खराब हुई थी, तब गर्भवती महिलाओं को करीब 20 दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब जिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन शनिवार से खराब पड़ी है। जिला अस्पताल के सीएमएस आरके कोली ने बताया कि कंपनी वालों से बात की है। जल्द ही मशीन ठीक हो जाएगी।