कटौली बाजार से सब्जी खरीदकर वापस घर जा रहे गांव ढुंढकी निवासी 35 वर्षीय शंभू नाव से नदी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। दूसरे दिन पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घाघरा नदी के दूसरे छोर पर स्थित गांव ढुंढकी निवासी शंभू की खुद की नाव है। वह 11 दिसंबर को नाव से नदी पार कर कटौली बाजार सामान लेने आया था। बाजार से सामान खरीदकर घर वापस जा रहा था। बताते हैं कि नाव अनियंत्रित हो गई और वह नदी में गिर गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। उधर शंभू जब देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग उसकी तलाश करने लगे, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को तलाश के दौरान उसका शव घाघरा नदी में बरामद हुआ, जबकि नाव भी शव से कुछ दूर नदी के किनारे लगी मिली। शव मिलने से उसके परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।