शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। गुरुवार को नई बस्ती उपकेंद्र से संचालित जेल फीडर पर फाल्ट आने से लगातार 12 घंटे बिजली कटौती हुई। इस दौरान बिजलीकर्मी फाल्ट ढूंढने के नाम पर महज खिलवाड़ करते रहे, जिससे लोगों को काफी परेशानियों से जूझना पड़ा। जेल फीडर का फाल्ट अभी दुरुस्त नहीं हो पाया था कि दोपहर करीब 12 बजे 220केवीए उपकेंद्र सीतापुर में जंपर उड़ गया। इससे पूरे शहर की बिजली सप्लाई गुल हो गई। नई बस्ती उपकेंद्र के जेल फीडर से जिलाधिकारी आवास, आफीसर कॉलोनी, नौरंगाबाद, प्यारेपुर, कलेक्ट्रेट परिसर, पुलिस लाइंस, जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, शाहपुरा कोठी समेत कई प्रमुख मोहल्ले जुड़े हुए हैं। फीडर में फाल्ट आने के कारण इन मोहल्लों की बिजली सप्लाई सुबह पांच बजे ही गुल हो गई। जिसके बाद बिजलीकर्मी पेट्रोलिंग कर लाइन में आई फाल्ट ढूंढते रहे, लेकिन दोपहर तक उन्हें फाल्ट नहीं मिला। इसी बीच सीतापुर में फाल्ट आने के कारण दोपहर 12 बजे से लेकर शाम चार बजे तक मेन लाइन बंद हो गई। जिससे पूरे शहर को बिजली कटौती का सामना पड़ा। शाम को जब बिजली आई तब भी जेल फीडर से जुड़े मोहल्ले के लोगों को बिजली नहीं मिली। जैसे ही जेल फीडर की बिजली सप्लाई बहाल की गई, उसके तुरंत बाद ही फीडर ट्रिप करने लगा। देर शाम तक इस फीडर की बिजली आंख-मिचौली करती रही। जिससे लोगों को काफी परेशानियों से जूझना पड़ा।
गढ़ी क्षेत्र में भी रही बिजली की समस्या
ओवलोडिंग और लाइनों में फाल्ट होने के कारण गढ़ी उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में भी बार-बार बिजली कटौती होती रही। संकटा देवी, हरिजन बस्ती, बाजार वार्ड, भटनागर कालोनी समेत कई मोहल्लों में तारों के टूटने और बार-बार ट्रिपिंग होने के कारण बिजली की सप्लाई नहीं मिली। लोगों का कहना है कि संकटा देवी फीडर के जर्जर तारों को अभी तक बदला नहीं गया है। जिसके कारण उन्हें आए दिन दिक्कतों से जूझना पड़ता है।
रात भर नहीं मिली बिजली, रोजेदार परेशान
मैलानी। प्रदेश सरकार ने रमजान में रात को सहरी और शाम को अफ्तार के समय बिजली दिए जाने के आदेश दिए थे, वहीं रमजान शुरू होते ही यहां नया रोस्टर लागू हो गया है। नए रोस्टर के मुताबिक यहां सुबह पांच बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली आपूर्ति की जा रही है। जबकि पहले यहां दिन-रात दो शिफ्टों में बिजली आया करती थी। रमजान से पहले सहरी और अफ्तार के समय बिजली मिला करती थी, लेकिन रमजान से लागू नए रोस्टर से अब पूरी रात बिजली ठप रहती है। न तो अफ्तार और न ही सहरी के समय बिजली मिल पा रही है। ऐसे में रोजेदारों को बेहद कठिनाइयां हो रही हैं। रोजेदारों ने यहां दिन-रात दो शिफ्टों में बिजली दिए जाने की मांग की है।
नमी के कारण बार-बार बिजली उपकरण खराब हो रहे हैं। जेल फीडर पर लोड बढ़ने के चलते यह परेशानी आ रही है। मेनलाइन के बंद होने से भी बिजली कटौती हुई है। प्रयास किया जा रहा है कि उपकरणों में कम फाल्ट आए, जिससे लोगों को बिना कटौती के बिजली मिल सके।
-राहुल शर्मा, एसडीओ टाउन