बांकेगंज। आंगनबाड़ी केंद्रों से गर्भवती, धात्री और और बच्चों को मिलने वाले पोषाहार की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। ई-केवाईसी नहीं होने के कारण 12 हजार लाभार्थियों के पोषाहार पर संकट गहरा गया है। बता दें कि ब्लॉक के 231 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत लाभार्थियों का पोषण ट्रैकर एप पर चेहरा प्रमाणीकरण और ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 30 जून है।
केंद्रों पर 23 जून तक 19,831 के सापेक्ष 8,031 लाभार्थियों की ही ई-केवाईसी हो सकी है। ऐसे में अगर सात दिन में चेहरा प्रमाणीकरण और ई-केवाईसी नहीं हुई तो 11 हजार 800 लाभार्थियों के पोषाहार पर संकट गहराएगा। काम में लापरवाही बरतने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से लेकर सुपरवाइजर पर भी कार्रवाई हो सकती है।
ब्लॉक क्षेत्र में पोषाहार के लाभार्थियों का चेहरा प्रमाणीकरण और ई-केवाईसी का 38 फीसदी काम पूरा हो चुका है। एक जुलाई से नई व्यवस्था प्रभावी हो जाएगी। इससे ई-केवाईसी न कराने वाले लाभार्थी पोषाहार नहीं पाएंगे। - सुभाष कुमार, सीडीपीओ, बांकेगंज