देहरा अजीतपुर से छपौरा मार्ग। संवाद
लखीमपुर खीरी। विधान परिषद सदस्य अनूप कुमार गुप्ता ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पेश किए। इनमें तहसील गोला और मोहम्मदी क्षेत्र की दो सड़कों की हालत सुधारने की मांग की गई है। इस पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।
तहसील गोला, विकास खंड बांकेगंज की ग्रामसभा संसारपुर, पीलीभीत बस्ती मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-730) से ब्लॉक केंद्र बांकेगंज तक लगभग 6 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण होगा। इस मार्ग से पिनैहिया, असौवा, दौलतपुर, जोखेपुर, झाऊपुर, देवीपुर, टोड़ीपुर सहित कई छोटे-बड़े गांव जुड़े हैं।
भारी यातायात के कारण इस सड़क का चौड़ीकरण जनहित में अत्यंत आवश्यक बताया गया है। पिछले कई सालों से छह किलोमीटर जर्जर बांकेगंज-संसारपुर मार्ग का लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्च 2025 में कायाकल्प कराने के बाद सड़क की दशा में सुधार हुआ है।
विकास खंड मोहम्मदी की ग्राम पंचायत देहरा अजीतपुर के देहरा से छपौरा तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क को पक्का (पेंटेड रोड) बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। यह सड़क कई गांवों को जोड़ती है। इस मार्ग से किसान डीएससीएल शुगर मिल अजबापुर तक गन्ना ले जाते हैं। वर्तमान में सड़क की दयनीय स्थिति के कारण ग्रामीणों को भारी असुविधा हो रही है।