शहर की बिजली सप्लाई दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। मंगलवार को बिजली उपकरणों के खराब होने के कारण लोगों को महज दो से ढाई घंटे ही बिजली सप्लाई मिल पाई, जिससे गर्मी में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौजूदा समय में शहर की बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। अलसुबह पांच बजे से 11 बजे तक होने वाली रोस्टरिंग के बाद जैसे ही बिजली सप्लाई जोड़ी गई तभी छाउछ उपकेंद्र का ब्रेकर खराब हो गया। मेन उपकेंद्र पर आई खराबी के कारण शहर के लोगों को दोपहर करीब एक बजे बिजली सप्लाई मिल पाई। उधर गढ़ी उपकेंद्र के पांच नंबर फीडर के ट्रांसफार्मर के ऊपर लगी सीटी के फुंकने से बिजली सप्लाई गुल हो गई। सीटी के फुंकने के कारण पांच नंबर फीडर से जुड़े सैकड़ों उपभोक्ताओं को दोपहर एक बजे के बाद भी बिजली सप्लाई नहीं मिल पाई। इससे लोगों को गर्मी में और ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं जेई मनोज पुष्कर का कहना है कि वर्षा से नमी होने के कारण बिजली उपकरण बार-बार फुंक रहे हैं और बिजली लाइनें टूट रही है। इसकी वजह से ही बिजली सप्लाई चरमराई हुई है। ऊपर से ओवरलोडिंग के कारण और भी दिक्कतें आ रही हैं।