केंद्रीय विद्यालय के वार्षिकोत्सव में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
डीएम ने की सराहना, मेधावियों को किया सम्मानित
शहर के केंद्रीय विद्यालय का वार्षिकोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। इस मौके पर बच्चों ने नृत्य, गीत संगीत और नाटक मंचन के कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डीएम आकाश दीप ने कार्यक्रमों की सराहना की तथा मेधावी बच्चों को पुरस्कृत किया।
शहर के विलोबी मेमोरियल हाल के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम आकाशदीप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बच्चों ने मां सरस्वती की वंदना और स्वागत गीत गाया। इसके बाद बच्चों ने मनमोहक बालीवुड डांस किया। बच्चों ने इटैलियन डांस तथा समूह डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। बच्चों ने संगीत शिक्षक आनंद कुमार मिश्रा के निर्देशन में एकता में अनेकता कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न प्रांतों के लोकनृत्य उन्हीं की वेशभूषा में दिखाए। इस कार्यक्रम में बच्चों ने जहां देश के विभिन्न प्रांतों की लोक संस्कृति को दिखाने का प्रयास किया वहीं उस प्रांत की वेश भूषा की झलक भी प्रस्तुत की। इस कार्यक्रम को लोगों ने बहुत पसंद किया। बच्चों ने नाटक मंचन के माध्यम से पानी बचाने का संदेश दिया तथा मोबाइल के दुरुपयोग के बारे में बताया। बच्चों की प्रतिभा देख लोग मंत्रमुग्ध हो गए। डीएम आकाशदीप ने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम देखकर उन्हें अपने बचपन की याद आ गई। डीएम ने बताया कि वे भी इसी विद्यालय के छात्र रहे हैं। उन्होने अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य सावित्री देवी, संगीत शिक्षक आनंद कुमार मिश्रा सहित तमाम शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।