उचौलिया। शारदा नहर में करीब दो महीने से पानी न छोड़े जाने से किसानों को रबी की फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। इससे किसान परेशान हैं।
हरदोई ब्रांच शारदा नहर क्षेत्र में किरियारा इब्राहिमपुर, बचिगावां, बरनैया और रामपुर ग्रंट ग्राम पंचायत के किसानों की खेती की सिंचाई का साधन है। अनेक किसानों ने नहर के किनारे खेत होने के कारण सिंचाई के लिए खेतों में ट्यूबवेल नहीं लगवाए, लेकिन इस समय नहर में पानी न आने से उनको दूर स्थित ट्यूबवेल से काफी लंबा पाइप लगाकर सिंचाई के लिए पानी लाना पड़ रहा है। बरनैया निवासी निशान सिंह ने बताया कि शारदा नहर में दिवाली के पहले से पानी नहीं आ रहा है। इससे किसानों को गेहूं, गन्ने की सिंचाई करने में परेशानी हो रही है। संवाद