लखीमपुर खीरी। खीरी टाउन में विद्युत लाइन से जुड़े कार्य के दौरान हुए बस हादसे का मामला उच्च स्तर तक पहुंच गया है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विद्युत निगम के चेयरमैन ने संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) प्रथम को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
हादसे के मामले में जेई विमल कुमार रावत और पेट्रोलमैन शाकिर अली पहले ही निलंबित किए जा चुके हैं। साथ ही जेई पर एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आगे भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
खीरी टाउन के मोहल्ला पट्टी रामदास में पिछले बृहस्पतिवार को पीलीभीत से बरात आई थी। तार नीचे होने और उसमें सप्लाई चालू होने के कारण बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई थी। हादसे में एक युवती की मौत हो गई थी और कई लोग झुलस गए थे।
फर्म की ओर से कराए गए नए कार्य में छह महीने के भीतर ही तार झुकने पर उसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। संवाद