गोला गोकर्णनाथ (खीरी)। ग्राम पंचायत वसलीपुर ग्रंट के मजरा नाथूपुर में बृहस्पतिवार देर रात अरविंद कुमार उर्फ महाजन (38) का शव घर से चंद कदम की दूरी पर मिला। पत्नी उर्मिला ने सांड़ के हमले से मौत होने की बात कही, जबकि बहन रामदेवी निवासी पल्हनापुर ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
उर्मिला के मुताबिक, वह घर के अंदर सो रही थीं। उन्हें पता नहीं चला कि अरविंद कब बाहर चले गए। रात में कुत्तों के घर में घुसने पर उनकी नजर खुले दरवाजों पर पड़ी। बाहर जाकर देखा तो अरविंद जमीन पर पड़े थे और पास में सांड़ खड़ा था।
वहीं, रामदेवी ने गोला कोतवाली में तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि हत्या कर घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्हें भाभी और कुछ लोगों पर शक है।
सीओ गोला जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि देर रात सांड़ के हमले से युवक की मौत की सूचना मिली थी। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, अभी तहरीर नहीं मिली है।