पोस्टमार्टम पर बैठे मृतका के परिजन
बिजुआ। भीरा के फुटहा गांव के पंचायत भवन में परिवार के साथ रहने वाली चकपुरवा निवासी कटान पीड़ित महिला का शव फंदे पर लटकता हुआ मिला। परिजनों का कहना है कि घर व जमीन कटने से वह परेशान थी, जिसके बाद उसने फंदा लगा लिया।
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद गांव चकपुरवा निवासी मंगाराम उर्फ मंगू ने बताया कि पिछले साल शारदा नदी की कटान में उनकी जमीन और घर कट गया था। गांव के अन्य लोगों के घर भी कट गए। वह अपनी 35 वर्षीय पत्नी संगीता और बच्चों के साथ भीरा थाने के फुटहा गांव के पंचायत भवन में आ गए। अस्थायी रूप से परिवार सहित पंचायत भवन में ही रह रहे थे। शुक्रवार की देर रात पत्नी संगीता का कमरें में शव लटका मिला। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बता दें कि इस समय चकपुरवा के सभी घर शारदा नदी में समा चुके हैं।
प्रशासन पर मदद न करने का आरोप
मृतका के पति और पीड़ित परिजनों ने बताया कि घर और जमीन कटने के बाद से वह परेशान रहती थी। आरोप है कि प्रशासन ने भी उनकी मदद नहीं की। बेटी पूनम ने बताया कि पापा कुछ लोगों के साथ बाहर पुलिया पर बैठकर बातचीत करने लगे थे। हम भाई बहन बाहर खेल रहे थे। मम्मी फोन पर किसी से बात कर रहीं थीं। अचानक आवाज आनी बंद हो गई। इस बीच जब पापा घर आए और अंदर जाकर देखा तो मम्मी छत के कुंडे से लटक रहीं थीं। उधर, क्षेत्रीय लेखपाल अविनाश मिश्रा ने बताया कि पिछले साल मंगू का घर कट गया था। बाढ़ राहत राशि भी मिल गई थी। पुनर्वास के लिए जगह भी आवंटित कर दी गई थी। लेकिन मंगू पिछले साल से लगातार फुटहा के पंचायत भवन में रह रहा था। वह कपड़े की फेरी लगाता है। कटान के बाद मिलने वाली सारी मदद उसे मुहैया कराई गईं थीं, मौत की वजह कुछ और भी हो सकती है।