आफीसर्स कॉलोनी स्थिति एआर कोआपरेटिव के आवास में सोमवार की रात शार्ट शर्किट से आग लग गई। इससे उनकी कार सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। काफी मशक्कत कर फायर सर्विस के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।
एआर कोआपरेटिव राजेश कुमार सिंह का आफीसर्स कॉलोनी में आवास है। सोमवार की रात में जब घर में सभी लोग सो रहे थे तभी शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे घर में रखे सभी इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए। उनके गैराज में खड़ी कार भी आग से जलने लगी। यह देख बाहर सो रहे कर्मचारियों को किसी अनहोनी का अहसास हुआ। कर्मचारियों ने शोर मचाया तो एआर कोआपरेटिव राजेश कुमार जागे। वह किसी तरह पत्नी और बच्चों सहित भागकर घर के बाहर निकले और फायर ब्रिगेड को फोन से सूचना दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को दूसरी गाड़ी बुलानी पड़ी। घंटों मेहनत करने के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी अरविन्द सेन समेत तमाम अधिकारी भी मौके पर पहुुंच गए।