मोहम्मदी एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान नेता।
मोहम्मदी। विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को किसानों ने गोला से ट्रैक्टर रैली निकाली, जो रेहरिया होते हुए मोहम्मदी गई। हालांकि, गोमती मोड़ पर प्रशासन ने किसानों का रास्ता रोकने की कोशिश की, लेकिन किसानों की जिद के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा। रास्ता खुलने के बाद किसान मोहम्मदी पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन दिया।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह संधू के नेतृत्व में बुधवार को किसानों की रैली गोला से चलकर रेहरिया होते हुए लखहा गुरुद्वारा पहुंची। किसानों को रोकने के लिए कई थानों की फोर्स के साथ मोहम्मदी एसडीएम अवनीश मिश्रा दलबल के साथ गुरुद्वारा पहुंचे। किसानों से रैली वापस ले जाने की अपील की, लेकिन किसान नहीं माने। किसानों ने साफ कहा कि वह मोहम्मदी गल्ला मंडी में ही ज्ञापन देंगे।
किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने गोमती मोड़ पर ट्रक और डंपरों को लगाकर मोहम्मदी आने-जाने का मार्ग बंद कर दिया। सिर्फ छोटे वाहन व आम लोगों को आने-जाने की अनुमति दी गई। हालांकि बाद में किसानों की जिद के आगे प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा। पुलिस-प्रशासन ने डंपर-ट्रक हटवाए तो रास्ता खुला और किसान किसान गल्ला मंडी पहुंचे।
यहां उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित 15 सूत्री ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष सहित अमनदीप सिंह, अजीत सिंह बापू, अंग्रेज सिंह, हरवेल सिंह आदि मौजूद रहे।
मोहम्मदी एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान नेता।
मोहम्मदी एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान नेता।