फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखीमपुर कांड: कोर्ट में तलब हुए आरोपी बोले- झूठा है आरोप, अदालत में दाखिल किया गया 27 पन्नों का आरोप पत्र

Sat, 01 Oct 2022 01:09 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, लखीमपुर खीरी

सार

शुक्रवार को लखीमपुर खीरी के निघासन कांड की पहली सुनवाई सरकार बनाम जुनैद आदि की पुकार के साथ शुरू हुई। सभी छह आरोपियों को निघासन पुलिस की ओर से की गई जांच और चार्जशीट के कागज उपलब्ध कराए गए।
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी कांड में पकड़े गए आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र में अनुसूचित जाति की दो सगी बहनों का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले में एडीजे मोहन कुमार ने सभी छह आरोपियों से शुक्रवार को कोर्ट में पूछताछ की। आरोपियों ने खुद को झूठा फंसाने की दलील दी। इस पर अदालत ने विशेष लोक अभियोजक से आरोप साबित करने के लिए सबूत पेश करने का आदेश दिया है। अगली सुनवाई के लिए तीन अक्तूबर की तारीख मुकर्रर की गई है।

विज्ञापन


शुक्रवार को निघासन कांड की पहली सुनवाई सरकार बनाम जुनैद आदि की पुकार के साथ शुरू हुई। सभी छह आरोपियों को निघासन पुलिस की ओर से की गई जांच और चार्जशीट के कागज उपलब्ध कराए गए। आरोपियों को निघासन कांड मामले में शामिल होने के आरोप की औपचारिक रूप से जानकारी दी गई। आरोपियों ने जब कहा कि उन पर लगे आरोप झूठे हैं तो अदालत ने मौजूद विशेष लोक अभियोजक बृजेश पांडे से पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट को साबित करने के लिए सबूत पेश करने के आदेश दिए। शासकीय अधिवक्ता ने शनिवार की तिथि लगाए जाने का अनुरोध किया लेकिन अदालत ने सोमवार को तीन अक्तूबर की तिथि मुकर्रर की।

43 गवाह, 27 पन्ने में आरोप पत्र....217 पेज की केस डायरी
निघासन कांड मामले में पुलिस ने जुनैद, सुहेल, हाफिजुर्रहमान, आरिफ, करीमुद्दीन और सुनील गौतम के खिलाफ 27 पन्ने का आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया है, जिसमें 43 गवाहों के आधार पर निघासन पुलिस ने आरोपियों को दंडित कराने की बात कही है। पुलिस ने अदालत में पेश किए गए आरोपपत्र में आम जनता के 12 व्यक्तियों को गवाह के रूप में शामिल किया है। तीन चिकित्सकों सहित 28 पुलिसकर्मियों को गवाह बनाया है।

इन 12 गवाहों पर टिका है अभियोजन
पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र दाखिल करते हुए बताया कि घटना को साबित करने के लिए वादिनी समेत 12 लोग जनता के वे गवाह हैं, जो घटना को साबित करने के लिए काफी हैं। पुलिस की विवेचना के दौरान भी इन व्यक्तियों ने घटना को साबित करने वाले बयान दिए हैं, जिसमें वे आंखों देखी घटना के गवाह हैं। इन्होंने आरोपियों को दो बहनों का अपहरण कर ले जाते हुए अपनी आंखों से देखा है।

एक आरोपी के अधिवक्ता पेश हुए
निघासन कांड मामले में पहली बार किसी आरोपी की ओर से अधिवक्ता अदालत में उपस्थित हुए। सबूत मिटाने और दलित उत्पीड़न के आरोपी करीमुद्दीन की ओर से अधिवक्ता वकार अहमद ने अपना वकालतनामा पेश किया। उन्होंने अदालत को बताया कि उनके आरोपी को इस मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है।

अभियोजन से भी पेश हुए वकील
अभियोजन की ओर से वादिनी मुकदमा ने व्यक्तिगत अधिवक्ता के रूप में अखिलेश दीक्षित को विशेष लोक अभियोजक के साथ अभियोजन पक्ष के समर्थन के लिए नियुक्त किया है। शुक्रवार को वादिनी स्वयं अदालत में पेश हुई और अदालत को वकील मुकर्रर करने की जानकारी दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चार चोटें पाई गईं
लखीमपुर खीरी। अदालत में आरोपपत्र के साथ मृतक बहनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी दाखिल की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों की टीम ने मृतक किशोरियों के शरीर पर मृत्यु पूर्व चार चोट आने का उल्लेख किया है। साथ ही अपनी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह उल्लेख किया है कि गला घोट कर हत्या की गई है।
विज्ञापन

दोनों बहनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जब लाया गया तो पुलिस को हाथों में पहने जाने वाली कांच की चूड़ियों के टूटे हुए टुकड़े भी मिल गए थे। जांच पड़ताल करते हुए पुलिस ने चूड़ियों के टुकड़ों को भी फर्द बरामदगी करते हुए मुकदमे में बतौर सबूत पेश करने की रणनीति अपनाई है। कानूनी जानकार बताते हैं कि अगर अभियोजन की कहानी मौखिक गवाहों से सटीक बैठती है तो वही चूड़ियों के टुकड़े आरोपियों के गले का फंदा बन सकती हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें