सिंगाही। एक माह पूर्व खनन अधिकारी से हुई मारपीट के प्रकरण में सिंगाही पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। अब तक पुलिस केवल एक ट्रैक्टर चालक की ही गिरफ्तारी कर सकी है, जबकि अन्य नामजद आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर हैं।
घटना बीते 18 नवंबर की रात करीब एक बजे की है। ग्राम पंचायत मोतीपुर स्थित भौका घाट पर खनन अधिकारी आशीष सिंह ने अवैध खनन कर ले जाई जा रही बालू से भरी ट्रॉलियों को पकड़ा था। इसी दौरान खनन करने वालों और खनन विभाग की टीम के बीच मारपीट हो गई थी। खनन अधिकारी की तहरीर पर चार लोगों को नामजद करते हुए गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
पुलिस ने भौका निवासी ट्रैक्टर चालक रजनीश को गिरफ्तार किया, पर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का फायदा उठाते हुए सभी नामजद आरोपियों ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन कर दिया है।
मामले में प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह ने बताया कि आरोपियों द्वारा हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया गया है, जिसकी आख्या न्यायालय को भेजी जा चुकी है। मंगलवार को सुनवाई की तिथि थी। जानकारी मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।