चंदनचौकी के सूरमा गांव में ग्रामीणों से वार्ता करतीं तहसीलदार। संवाद
पलियाकलां। चंदन चौकी के सूरमा गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क न बनने को लेकर प्रदर्शन किया। मंगलवार को तहसीलदार आरती यादव ग्रामीणों को मनाने पहुंचीं और उनकी समस्या को अधिकारियों के समक्ष रख निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
चंदन चौकी क्षेत्र के सूरमा गांव में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। इसको लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गांव जाने वाले रास्ते पर बैनर टांग दिया, जिसमें कई बातें लिखीं थीं। मामला सोशल मीडिया समेत अन्य जगहों पर वायरल होने के बाद मंगलवार को तहसीलदार आरती यादव पुलिस बल के साथ गांव पहुंचीं। ग्राम प्रधान समेत ग्रामीणों से वार्ता की।
ग्रामीणों ने बताया कि सालों से यह सड़क जर्जर है। बरसात के समय कीचड़ में निकलने में काफी दिक्कत होती है। कई बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से कहा, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया, जिससे मजबूरी में ग्रामीणों ने यह कार्य किया है। तहसीलदार ने सभी के साथ बैठक करते हुए सड़क निर्माण की समस्या को अधिकारियों के सामने रखने की बात कही। मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात ग्रामीणों से की। संवाद