तिकुनिया। ग्राम पंचायत सुथना बरसोला बाजार में स्थित नवीन परती भूमि पर अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने ढहा दिया। सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने तीन महिलाओं को हिरासत में ले लिया। कब्जा हटने के बाद उन्हें छोड़ दिया।
शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे नायब तहसीलदार हरे राम, लेखपाल सोनू मौर्या कानूनगो एसपी सिंह, कोतवाली प्रभारी राजू राव पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन लेकर सुथना बरसोला पहुंचे और जैसे ही कार्रवाई शुरू की तो कब्जेदारों ने विरोध करना शुरू कर दिया लेकिन प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि कब्जा हटाने का आदेश हो चुका है। इसलिए कब्जा हटाया गया है। घरों के छप्पर और टटिया हटा कर फेंक दिया। विरोध करने पर पुलिस ने आशिमा, इकरा, अलीना को महिला पुलिस हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कब्जा मुक्त होने पर छोड़ दिया गया है।
नायब तहसीलदार हरे राम ने बताया कि ग्राम सुथाना बरसोला में अनीस अहमद, नफीस अहमद, जहीर अहमद के घर गांव में बने हैं। यहां नवीन परती गाटा संख्या 826 में अपना छप्पर चढ़ाकर काफी दिनों से कब्जा किए हुए थे। क्षेत्रीय लेखपाल सोनू मौर्या ने उन्हें कब्जा हटाने को कहा था और नोटिस भी दी गई थी उसके बावजूद भी इन लोगों ने कब्जा मुक्त नहीं किया।
कोतवाली प्रभारीराजू राव ने बताया सरकारी काम में बाधा डालने को लेकर कुछ महिलाओं ने विरोध किया था जिसके तहत उनको शांति बनाए रखने को लेकर हिरासत में ले लिया गया था।