नदी किनारे मौज़ूद पुलिस व ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण
मितौली। बारिश में उफनाई पिरई नदी में शुक्रवार दोपहर नहाने गया सचिन गहरे पानी में लापता हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सचिन की तलाश शुरू कराई है। कई घंटे की मशक्कत के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने शारदानगर से एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया है।
गांव ओदारा निवासी सुशील शर्मा का पुत्र सचिन (17) शुक्रवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ पिरई नदी में नहाने गया था। इसी दौरान नहाते समय सचिन अचानक गहरे पानी में चला गया, जिससे वह लापता हो गया।
उसके साथ मौजूद दोस्तों ने परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना पर मितौली पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश शुरू कराई।
कई घंटे बाद भी सुराग नहीं मिल सका। बताते हैं कि ओदारा गांव से पूरब की तरफ आलपुर गांव को जाने वाले मार्ग पर बने रपटा पुल के ऊपर से बरसात के चलते करीब चार फीट पानी बह रहा है। सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया कि गोताखोर लगातार नदी में किशोर की तलाश कर रहे हैं। शारदानगर से एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। हालांकि देर शाम तक सचिन का कोई सुराग नहीं लग सका।
नदी किनारे मौज़ूद पुलिस व ग्रामीण। स्रोत ग्रामीण