माध्यमिक शिक्षक संघ अपनी बीस सूत्रीय मांगों को लेकर 14 मई को चेतावनी दिवस मनाएगा। इसके तहत शिक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजेंगे।
माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बृजेंद्रनाथ शुक्ला और महामंत्री अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि 14 मई को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने बताया ज्ञापन में तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण करने, स्नातकोत्तर उपाधि से वंचित एलटी ग्रेड के शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान का लाभ देने, सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को अनुदान सूची में शामिल करने, शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करने, माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को तत्काल भरने तथा माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने समेत बीस मांगे शामिल हैं।