शिक्षक की पत्नी है प्रधान तो शिक्षक पर चढ़ा राजनीति का बुखार
लखीमपुर खीरी। ब्लॉक बांकेगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय भुड़वारा में सहायक अध्यापक पद पर तैनात शिक्षक अजीत कुमार वर्मा को बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने निलंबित कर दिया है। आरोप है कि शिक्षक ने अवकाश लेकर 22 अगस्त 2022 को 80 से 90 ग्रामीणों के साथ सचिव (ग्राम पंचायत अधिकारी) के विरुद्ध कुंभी ब्लॉक परिसर में धरना-प्रदर्शन कर अशांति फैलाई।
बीडीओ ने बताया कि कुंभी ब्लॉक सभागार में 22 अगस्त को एनडीआरएफ का प्रशिक्षण कार्यक्रम था। शिक्षक ने ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन कर उसमें व्यवधान उत्पन्न किया। बीडीओ ने यह भी बताया कि शिक्षक की पत्नी ग्राम पंचायत शहाबुद्दीनपुर की प्रधान हैं, जिस वजह से वह ब्लॉक कर्मियों से अभद्रता कर रहे हैं। बीएसए ने इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी बांकेगंज से रिपोर्ट मांगी तो पता चला कि 29 अगस्त को शिक्षक अजीत वर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया था।
30 अगस्त को जो जवाब उपलब्ध कराया गया उसमें आरोपों को स्वीकार नहीं किया। न ही धरने में उपस्थित न रहने के संबंध में कोई साक्ष्य ही उपलब्ध कराया गया। बीडीओ कुंभी द्वारा उपलब्ध कराए गए व्हाट्सएप पर फोटो में धरने की पुष्टि की गई है। यह व्यवहार सेवा नियमावली के विरुद्ध है।
बीएसए ने बताया कि सारे तथ्यों को देखने के बाद स्पष्ट है कि शिक्षक द्वारा विभागीय निर्देशों की अवहेलना कर अनुशासनहीनता की गई है। इसके लिए दोषी पाए गए शिक्षक अजीत कुमार वर्मा को निलंबित कर उच्च प्राथमिक विद्यालय मैलानी देहात से संबद्ध किया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए बीएसए ने बीईओ रमियाबेहड़ हृदय शंकर श्रीवास्तव व बीईओ श्रीराम की संयुक्त टीम बनाई है।