स्कूल का निरीक्ष्रण करते बाल आयोग के अध्यक्ष डा.देवेन्द्र शर्मा
लखीमपुर खीरी। शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष ने अफसरों संग बैठक कर बाल और महिला अपराधों पर लगाम कसने की ताकीद की। आयोग के अध्यक्ष ने वन स्टॉप सेंटर, जिला कारागार, जिला चिकित्सालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पनगी का निरीक्षण किया।
कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों संग बैठक कर कहा कि जनपद में बाल श्रम किसी भी दशा में न हो। बच्चों से काम कराने वाले लोगों, उद्योगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। कक्षा-06 से ऊपर के विद्यालयों में प्रहरी क्लब की स्थापना कराई जा रही है। प्रहरी क्लब के माध्यम से बच्चों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लिये जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कम से कम 10 आवेदन फार्म भराने के निर्देश दिए। बीएसए और डीआईओएस कक्षा 1 व 6 के साथ कक्षा 9 व स्नातक प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली छात्राओं का शत प्रतिशत आवेदन कराएं।
बा विद्यालय का किया निरीक्षण
आयोग अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा ने डीपीओ संजय निगम के साथ शुक्रवार को ब्लॉक नकहा के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पनगी का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत जानी। बालिकाओं की सभी मूलभूत आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने की बात कही। बालिकाओं के साथ स्वयं भोजन किया। इसके बाद वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर प्रशासिका रश्मि चौबे से रेस्क्यू किए गए प्रकरणों की जानकारी ली।