लखीमपुर खीरी। दीपावली पर जिले भर में लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों से लेकर प्रसाद एवं गिफ्ट के लिए मिठाई की बंपर बिक्री हुई। इनकी खरीदारी के लिए दीपावली के दिन दुकानों पर काफी भीड़ भाड़ रही। ऐसे में दो करोड़ की मूर्तियां और करीब चार करोड़ से अधिक की मिठाइयां बिक गईं।
लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदने के लिए दुकानों पर काफी भीड़ रही। सबसे ज्यादा बिक्री दिवाली वाले दिन हुई। सुबह से लेकर शाम तक बाजार में दुकानों पर खरीददार उमड़ते रहे। हर किसी ने अपने पसंद की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदीं। ऐसे में दीपावली पर जिले भर में दो करोड़ की मूर्तियां बिकने का अनुमान लगाया जा रहा है।
चार करोड़ की मिठाई खा गए जिलेवासी
लखीमपुर खीरी। दिवाली खुशियां का त्योहार है। इस दिन लक्ष्मी गणेश का पूजन कर उन्हें भोग लगाने का जहां विधान है तो वहीं उपहार देने की भी परंपरा है। ऐेसे में शहर से लेकर गांव व कस्बा स्थित मिठाई की दुकानों पर दीपावली वाले दिन खरीदारों की भीड़ बनी रही। कुछ लोगों ने जहां पूजन के लिए मिठाई खरीदी तो वहीं कुछ लोगों ने अधिकारियों से लेकर मिलने वालों को उपहार देने के लिए मिठाई खरीदी। नाम का खुलासा न करने पर शहर के प्रमुख दुकानदारों का कहना था कि इस बार मिठाई ज्यादा बिकी, क्योंकि वैसे भी लोग अधिकारियों से लेकर माननीयों को मिठाई उपहार स्वरूप देते हैं। मगर, इस बार चुनावी साल होने के कारण कुछ ज्यादा ही मिठाई बिकी। दीपावली वाले दिन सुबह से लेकर देर रात तक मिठाई खरीदने के लिए लोग आते रहे। दुकानदारों के मुताबिक, इस बार जिले भर में करीब चार करोड़ की मिठाई बिकी है। संवाद