कोच के साथ ट्राफी लेते हुए सुयश अवस्थी।संवाद
फरधान। गांव बौठा के सुयश अवस्थी का चयन भारतीय यूथ हैंडबॉल टीम में हुआ है। उन्होंने जयपुर में 10 से 14 जुलाई के बीच हुए अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतिस्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। बेहतर प्रदर्शन कर अपने जिले और गांव नाम रोशन किया है।
तहसील सदर के गांव बौठा निवासी अनाम अवस्थी के बेटे सुयश अवस्थी ने भारतीय यूथ हैंडबॉल टीम में अपनी जगह बनाकर कीर्तिमान बनाया है। इसके तुरंत बाद 10 जुलाई से 14 जुलाई तक होने वाले अपने कैरियर का पहला टूर्नामेंट जयपुर में भारतीय टीम के साथ खेलने गए। जयपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतिस्पर्धा में नेपाल, बांग्लादेश व भारत ने हिस्सा लिया था।
अपने कॅरियर का पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे सुयश ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। फाइनल मैच में भारतीय टीम ने बीस गोल के अंतर बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जीत हासिल की। भारतीय टीम की जीत में सुयश अवस्थी का अहम रोल रहा। इस समय सुयश लखनऊ के बाबू केडी सिंह स्टेडियम में कोच मोहम्मद तौहीद की देखरेख में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।