बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विकास खंड फूलबेहड़ के कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। कई विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम मिली। शिक्षण व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। बीएसए ने दो शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोक दी है तथा सुधार की चेतावनी दी है।
बीएसए डॉ.ओपी राय ने सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय गूम का निरीक्षण किया। यहां विद्यालय में नामांकित 271 बच्चों के सापेक्ष 190 बच्चे ही उपस्थिति मिले। विद्यालय में बच्चों का शैक्षणिक स्तर निम्न श्रेणी का मिला। प्रशिक्षु शिक्षक पंकज कुमार मिश्र यूनिफार्म में नहीं थे तथा उनके द्वारा पाठ्य योजना के अनुरूप शिक्षण कार्य नहीं कराया जा रहा था। बीएसए ने प्रशिक्षु शिक्षक से सात दिन में स्पष्टीकरण तलब किया है तथा प्रधानाध्यापक कीर्ति गुप्ता की एक वेतन वृद्धि रोक दी है। यहां के उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक किसी कार्य से गए थे। यहां भी नामांकित 322 बच्चों में 275 बच्चे उपस्थित मिले। यहां भी बच्चों का शैक्षिक स्तर निम्न कोटि का था। बीएसए ने प्रधानाध्यापक जिबोध सिंह की एक वेतन वृद्धि रोक दी है। प्राथमिक विद्यालय जंगपुर में बच्चे चौकी पर बैठे हुए थे। कमरे में वायरिंग के तार लटक रहे थे। आलमारी के ऊपर कबूतर का घाेंसला था। नामांकित 211 बच्चों में 81 बच्चे ही उपस्थित थे। महिला शिक्षामित्र बाहर बच्चों को जमीन पर बैठाकर पढ़ा रहीं थीं। यहां बीएसए ने विद्यालय की स्थिति में सुधार तक प्रधानाध्यापक बृजनाथ राय का वेतन रोक दिया है। बीएसए ने सभी से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने को कहा है।