चिपचिपी गर्मी के बीच शहर में बिजली कटौती लोगों पर भारी पड़ रही है। पिछले एक पखवाड़े से लागू नई रोस्टरिंग से लोगों को महज चार घंटे ही बिजली सप्लाई मिल पा रही है। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सिस्टम कंट्रोल से जारी नए रोस्टरिंग में सुबह पांच बजे से लेकर 11 बजे तक और दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक बिजली गुल रहती है। इससे दिन में महज चार घंटे ही बिजली सप्लाई मिल पा रही है। लोगों का कहना है कि इस रोस्टर को बदल कर दिन में भी छह से सात घंटे बिजली सप्लाई दी जानी चाहिए। जिससे पेयजल व्यवस्था भी दुरुस्त हो सके। सुबह पांच बजे बिजली कटने से लोगों को पानी की परेशानी से जूझना पड़ता है। वहीं दोपहर में बिजली न होने से काफी दिक्कत होती है। इस बाबत एसडीओ टाउन राहुल शर्मा का कहना है कि सिस्टम कंट्रोल से 132 केवी छाउछ उपकेंद्र को इसी रोस्टरिंग से बिजली सप्लाई का निर्देश दिया गया है। जब तक नया निर्देश नहीं आता है तब तक बिजली सप्लाई के समय में संशोधन नहीं किया जा सकता है।
आवास विकास में दिनभर गायब रही बिजली
शहर के मोहल्ला आवास विकास में गुरुवार की रात 400केवीए के ट्रांसफार्मर में केबल दगने से धमाका हो गया। जिससे पूरे मोहल्ले की बिजली सप्लाई गुल हो गई। रात में दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया लेकिन उससे भी लोगों को राहत नहीं मिली। बिजली न मिलने के कारण लोगों को रात में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्हें रातभर बिजली सप्लाई नहीं मिली। शुक्रवार जब फाल्ट चेक किया गया तो पता चला कि ट्रांसफार्मर से जुड़े 11 हजार की केबल पूरी तरह नंगी है। जिसे दुरुस्त करने में बिजली कर्मियों को कई घंटे का समय लग गया। जिससे मोहल्ले के सैकड़ों घरों के लोगों को बिजली के साथ-साथ पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा।
पलिया में छह घंटे मिल रही बिजली
पलियाकलां। शहर सहित पूरा तहसील क्षेत्र इन दिनाें बिजली की समस्या से बुरी तरह जूझ रहा है। 24 में छह घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। आने पर भी वोल्टेज इतना कम होता है कि लोगों को पूरी रात पंखा डुलाना पड़ता है। बिजली का बार-बार आना-जाना भी एक बड़ी समस्या है।
वनकटी से चंदनचौकी तक के ग्रामीण बिजली समस्या से परेशान हैं।
ट्रांसफार्मर सही कराने की मांग
अमीरनगर। कस्बे में रामनरायन राठौर के यहां पर रखा ट्रांसफार्मर फुंका होने के कारण विद्युत उपकरण शोपीस बने हुए हैं।
विद्युत उपभोक्ताओं का कहना है कि यहां 16 केवीए के ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण वह आए दिन फुंक जाता है जिस कारण उपभोक्ताओं ने अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर रखवाने की मांग की है।