गन्ना भरी ट्रॉली में घुसी बस, तीन लोग घायल
जाम लगा, जख्मी गोला अस्पताल में भर्ती
सोमवार तड़के नेपाली सवारियों को भरकर बढ़नी (नेपाल) जा रही एक प्राइवेट बस गोला-खुटार रोड पर छत्तीपुर नंबर 18 गांव के सामने गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के पिछले हिस्से में जा घुसी, जिससे बस क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रॉली की बाडी टूट गई। टक्कर में बस की तीन सवारियां और ट्रैक्टर चालक गंभीर घायल हो गए। देखते ही देखते जाम लग गया। मौके पर पहुंची हैदराबाद थाना, संसारपुर चौकी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया और घायलों को गोला अस्पताल पहुंचाया।
छत्तीपुर में भाईलाल शर्मा के मकान के सामने खुटार की ओर से गोला जा रही नेपालियों से भरी प्राइवेट बस पीबी23एम 8743, गोला चीनी मिल को जा रहे ग्राम छत्तीपुर राजा निवासी कोमलराम की गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के पीछे जा घुसी। जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रॉली की बाडी टूट गई। गनीमत रही कि बस की अगली सीटों पर सामान भरा था। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक कोमलराम और बस में सवार पार्वती देवी समेत तीन नेपाली महिलाएं गंभीर घायल हो गईं। बस चालक भाग निकला। जिससे रोड पर वाहनों का जाम लग गया। मौके पर पहुंचे हैदराबाद थाना और संसारपुर चौकी पुलिस कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया तथा घायलों को ग्रामीणों की मदद से सीएचसी गोला पहुंचाकर यातायात बहाल कराया। बस में लगभग 27 नेपाली यात्री सवार थे।