लखीमपुर खीरी। जनपद की नौ चीनी मिलों पर अब भी लाखों किसानों का 13 अरब 49 करोड़ तीन लाख 23 हजार रुपये गन्ना मूल्य का बकाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुछ दिन पहले वीडियो कांफ्रेसिंग में जनपद की समीक्षा में नए पेराई सत्र के प्रारंभ होने से पहले बकाया गन्ना मूल्य का पूर्ण भुगतान कराने के निर्देश दिए थे। त्योहार भी सिर आ गए हैं, लेकिन अब तक चीनी मिलों ने गन्ना मूल्य भुगतान में तेजी नहीं दिखाई है। बल्कि चीनी मिलों के अध्यासी पुराने ढर्रे के मुताबिक ही थोड़ा-थोड़ा करके किसानों को भुगतान कर रहे हैं। इससे अब तक 67.55 फीसदी गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को हो पाया है।
चीनी मिलों में नए पेराई सत्र का आगाज 17 नवंबर से होना है, जिससे अभी करीब एक माह का समय भुगतान करने के लिए मिलों के पास है। पिछले रिकार्ड को देखते हुए कुछ चीनी मिलों पर ठोस कार्रवाई किए जाने की जरूरत भी है, जिससे किसानों को नए पेराई सत्र के प्रारंभ होने से पहले भुगतान मिल सके। नौ में से चार चीनी मिलों गोला, पलिया, खंभारखेड़ा और ऐरा पर सबसे अधिक करीब 10 अरब रुपये बकाया है। पेराई सत्र 2019-20 में किसानों ने नौ चीनी मिलों को 1292.44 लाख क्विंटल गन्ना बेचा था, जिसके सापेक्ष चीनी मिलों को 41 अरब 56 करोड़ 77 लाख 79 हजार रुपये गन्ना मूल्य भुगतान करना है। 12 अक्तूबर 2020 तक चीनी मिलों ने 28.07 अरब का भुगतान किया है, जबकि मिलों पर 13.49 अरब से अधिक गन्ना मूल्य बकाया है। इससे गन्ना एक्ट के नियम के मुताबिक चीनी मिलों पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य पर एक अरब 70 करोड़ 40 लाख रुपये ब्याज की भी देनदारी बन चुकी है। गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र कराने के लिए किसान संगठन लगातार डीएम को ज्ञापन के माध्यम से मांग कर रहे हैं, लेकिन चीनी मिलें अपने अड़ियल रवैय्ये पर कायम हैं। मुख्यमंत्री के आदेश पर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने चीनी मिलों के अध्यासियों को नए पेराई सत्र के प्रारंभ होने से पहले ब्याज सहित संपूर्ण बकाया गन्ना भुगतान का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
चार मिलों ने 32.04 करोड़ भुगतान किया
सोमवार को चार चीनी मिलों ने 32 करोड़ चार लाख 85 हजार रुपये गन्ना मूल्य भुगतान किया है। जिला गन्ना अधिकारी ब्रजेश कुमार पटेल ने बताया कि गोला मिल ने छह करोड़ 30 लाख 30 हजार, पलिया ने पांच करोड़ पांच लाख, खंभारखेड़ा ने 5.50 करोड़ और ऐरा ने 15 करोड़ 19 लाख 55 हजार रुपये भुगतान किसानों के खातों में भेजा है। वहीं कुंभी और संपूर्णानगर मिलों ने एक माह के दौरान एक दिन भी भुगतान नहीं किया है।
चीनी मिल वार बकाया गन्ना मूल्य (लाख में)
गोला 31722.65
पलिया 29894.71
खंभारखेड़ा 21579.54
ऐरा 21057.81
अजबापुर 8468.07
कुंभी 6406.83
गुलरिया 6316.41
बेलरायां 5302.99
संपूर्णानगर 4154.22
मुख्यमंत्री के निर्देश पर नए पेराई सत्र के शुरू होने से पहले बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित पूर्ण भुगतान करने के निर्देश सभी चीनी मिलों के अध्यासियों को दिए गए हैं। चीनी मिलों द्वारा किए जा रहे भुगतान पर नजर रखी जा रही है और भुगतान में तेजी लाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
- शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम