मैलानी। नगर पंचायत में कार्यरत ठेका कर्मचारी ने ड्यूटी के दौरान पंप हाउस में फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
नगर के मोहल्ला मस्जिद निवासी 42 अनवार खां उर्फ पप्पू नगर पंचायत में ठेका कर्मचारी के रूप में काम करता था। पंप हाउस नंबर दो में उसकी ड्यूटी थी। अपरान्ह करीब ढाई बजे टंकी पर ड्यूटी कर रहा ठेका कर्मचारी सियाराम पंप हाउस नंबर दो पर गया, तो दरवाजा खोलने पर उसे पप्पू का शव कमरे में पंखा लटकाने को लगे पाइप से लटका देखा। उसके गले में बिजली की केबिल का फंदा रसा था। शव लटके होने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। सियाराम ने इसकी सूचना चेयरपर्सन प्रतिनिधि देवेंद्र प्रताप को दी। सूचना पर परिवारवाले भी घटनास्थल पर पहुंच गए। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। पत्नी की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार्यवाहक एसओ सतीश चंद्र यादव ने बताया कि पत्नी रूबी ने दी सूचना में लिखा है कि उसके पति नगर पंचायत में ठेकाकर्मी हैं। रविवार को वह दोपहर डेढ़ बजे ड्यूटी पर गए थे तो नलकूप की कोठरी में पंखे के लिए लगे पाइप में बिजली की केबिल डालकर फांसी लगा ली है। वह पिछले काफी समय से मानसिक रूप से बीमार थे।