लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला गोविंदपुरी (ईदगाह) में बीए दूसरे वर्ष की छात्रा ने गले में साड़ी का फंदा कस लिया और कमरे के अंदर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से करीब 20 मिनट पहले ही वह घर आई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारकर पंचनामा भरने की कार्रवाई में जुट गई।
थाना नीमगांव के गांव भूलनपुर निवासी अर्जुनलाल मौर्या गो विंदपुरी (ईदगाह) में मकान बनवाकर परिवार समेत रहते हैं। उनकी पुत्री हिमांशी मौर्या (20) युवराजदत्त महाविद्यालय में बीए दूसरे वर्ष की छात्रा थी। चौकी इंचार्ज संकटा देवी संतोष राय ने बताया लॉकडाउन होने के बाद छात्रा के माता-पिता अपने पैतृक गांव चले गए थे। युवती शहर सेे सटे गांव पपिरिया अपनी नाना-नानी के पास रहती थी और कोचिंग पढ़ती थी। मकान की चाबी भी उसी के पास रहती थी। शनिवार की शाम हिमांशी घर आई और दरवाजा खोलकर अंदर चली गई। कमरे में साड़ी का फंदा गले में कस लिया और पंखे से लटक गई। किसी ने उसकी नानी को सूचना दी कि हिमांशी काफी गुस्से में है। इस पर वह लोग घर पहुंचे तो देखा तो उसका शव लटक रहा था। चौकी इंचार्ज संतोष कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि छात्रा फांसी लगाने से करीब 20 मिनट पहले ही घर आई थी। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों के बावत कुछ बताया जा सकता है।