सुआगाड़ा में सप्लाई सुचारू करने के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाया गया: संवाद
लखीमपुर खीरी। विद्युत निगम ने रक्षाबंधन पर 24 घंटे आपूर्ति देने की बात कही थी। दुर्भाग्यवश मोहल्ला सुआगाड़ा का ट्रांसफार्मर फुंक गया, जिसकी वजह से लोगों को छह से सात घंटे बिजली नहीं मिल सकी। बिजली गुल होने और गर्मी अधिक होने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मोबाइल ट्रांसफार्मर को जोड़कर जैसे-तैसे आपूर्ति सुचारु कराई गई।
मोहल्ला सुआगाड़ा में सोमवार अपराह्नन करीब तीन बजे कुछ घरों की आपूर्ति बाधित हो गई थी तो कुछ घरों में आ रही थी। लोगों ने सोचा थोड़ी देर में आ जाएगी, लेकिन धीरे-धीरे दो घंटे बीत गए। करीब पांच बजे सभी जगह की आपूर्ति गुल हो गई। सूचना पर कर्मचारी पहुंचे और ट्रांसफार्मर का फेस जोड़कर आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन तभी ट्रांसफार्मर फुंक गया।
उधर, त्योहार के दिन घरों में अंधेरा होने और गर्मी से परेशानी बढ़ने पर लोगों ने बिजली निगम के अफसरों के साथ ही हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत करनी शुरू कर दी। रात करीब साढ़े नौ बजे मोबाइल ट्रांसफार्मर मंगाया गया, जिसको जोड़ने में करीब एक से डेढ़ घंटे लग गए। करीब 10:30 बजे आपूर्ति मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
पूरे दिन चला आंख मिचौनी का खेल
शहर में मंगलवार को पूरे दिन बिजली आंख मिचौनी का खेल चला। हर एक घंटे बाद आपूर्ति कटती रही, इसकी वजह से गर्मी में लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। विभागीय अफसरों की मानें तो लोकल फॉल्ट होने की वजह से दिक्कत रही। फॉल्ट दुरुस्त कराने के लिए कर्मचारी लगे हुए हैं।