जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में 15 ब्लॉक, नगरीय क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों एवं 16 कस्तूरबा विद्यालयों के विद्यार्थी ले रहे हिस्सा, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए
लखीमपुर खीरी। बेसिक शिक्षा परिषद की जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा एवं कस्तूरबा विद्यालय खेल प्रतियोगिता का शुक्रवार को आगाज हुआ, जिसमें 15 ब्लॉक, नगरीय क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों एवं 16 कस्तूरबा विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। पहले दिन खेल प्रतियोगिताओं में लखीमपुर व फूलबेहड़ ब्लॉक के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भी छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पुलिस लाइन ग्राउंड में मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने विधायक सदर योगेश वर्मा, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी अरुण कुमार सिंह के साथ प्रतियोगिता का शुंभारम्भ किया। पहले दिन की खेल प्रतियोगिताओं का आगाज 600 मीटर दौड़ के साथ हुआ। बालक वर्ग में लखीमपुर ब्लॉक के उपेंद्र कुमार को पहला स्थान मिला।
बिजुआ के प्रीतम को दूसरा और मोहम्मदी के सिद्धांत को तीसरा स्थान मिला। बालिका वर्ग में रमियाबेहड़ की राजकुमारी को प्रथम, फूलबेहड़ की सरिता को दूसरा व मितौली की अंजनी को तीसरा स्थान मिला। प्राथमिक स्तर की लंबी कूद में फूलबेहड़ के कपिल ने पहला स्थान कब्जाया, जबकि निघासन के विक्रम को दूसरा व रमियाबेहड़ के छत्रपाल ने तीसरे स्थान के लिए जगह बनाई। प्राथमिक स्तर के बालिका वर्ग में फूलबेहड़ की बबिता ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मितौली की अंजलि व बेहजम की शबा ने क्रमश: दूसरा व तीसरा स्थान पाया।
उच्च प्राथमिक स्तर बालिका लंबी कूद में लखीमपुर की शबनम को पहला, निघासन की दिव्यांशी को दूसरा व पलिया की रूपेंद्र कौर को तीसरा स्थान मिला। वहीं केजीबीवी वर्ग लंबी कूद में पलिया वनग्राम की संजना ने पहला स्थान कब्जाया।
बाकेगंज की अस्मिता दूसरे व मितौली की गोल्डी तीसरे स्थान पर रहीं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने प्रतिभागियों से अपील की कि अनुशासित ढंग से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया जाए तो अधिक आनंद आता है।
कार्यक्रम में बीएसए डॉ लक्ष्मीकांत पांडेय ने अतिथियों का आभार जताते उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम संचालन शिक्षिका ऋतु अवस्थी व डॉ. नमिता श्रीवास्तव ने मिलकर किया। इस अवसर पर प्रचार्य डायट जेपी मिश्र, वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक), सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी (एसएसए) जीएस पांडेय, सभी ब्लॉकों के बीईओ, विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण, क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने आए खिलाड़ी मौजूद रहे।