लखीमपुर-पलिया हाईवे पर छात्र की साइकिल में सोमवार को बस ने टक्कर मार दी, जिससे गांव सौनाखुर्द निवासी 14 वर्षीय अवनीश यादव घायल हो गया, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है। उधर, घटना से नाराज लोगों ने पलिया हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान आई एक बस के चालक, परिचालक और हेल्पर के साथ मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। इससे करीब पौन घंटे तक जाम लगा रहा।
हादसा बिजुआ हाइडिल के पास हुआ। ग्राम सौनाखुर्द निवासी श्रीराम यादव का पुत्र अवनीश यादव बिजुआ के जानकी देवी इंटर कॉलेज मे हाईस्कूल का छात्र है। सोमवार की सुबह वह कॉलेज प्रवेश पत्र लेने आया था। सुबह करीब 11 बजे बिजुआ हाइडिल के पास मोड़ पर पलिया से लखीमपुर की तरफ जा रही प्राइवेट बस ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे अवनीश घायल हो गया। हादसे की सूचना पर बिजुआ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के लोगों को हादसे की सूचना देते हुए घायल छात्र अवनीश को बिजुआ अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने छात्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान अवनीश की मौत हो गई। चौकी पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
उधर, हादसे की खबर सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। गुस्साए लोगों ने लखीमपुर-पलिया हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात रुक गया। सूचना पर पहुंची भीरा और पलिया पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराकर जाम खुलवाया। इसी बीच कुछ लोगों ने पीछे से आ रही एक प्राइवेट बस को रोक लिया और चालक, परिचालक और हेल्पर की पिटाई कर दी। चालक-परिचालक ने कुछ लोगों पर पिटाई कर मोबाइल और छह हजार रुपये लूटने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
श्रीराम यादव का अकेला बेटा था अवनीश
भीरा लखीमपुर बस यूनियन के एक नियम से सौना गांव के एक घर का चिराग गुल हो गया। सौनाखुजो निवासी श्रीराम यादव गांव के प्रतिष्ठित एवं अच्छे किसान हैं। 16 वर्षीय अवनीश के अलावा उनकी कोई संतान नहीं थी। घर का इकलौता बेटा अवनीश बिजुआ के ही जिला पंचायत इंटर कॉलेज का छात्र था, उसकी हर ख्वाहिश पूरी करते के लिए मां-बाप तैयार रहते थे। इस बार अवनीश हाईस्कूल में था, मंगलवार से परीक्षा शुरू होने वाली थी, सोमवार को वह अपने दोस्तों के साथ साइकिल से बिजुआ स्कूल प्रवेशपत्र लेने गया था। इस दौरान बस की टक्कर से उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि बस अपने नियत समय से लेट थी। यूनियन के नियम से प्रति मिनट जुर्माना बचाने के लिए बस सीमित गति से तेज थी। इसी के चलते बस ड्राइवर के नियंत्रण से बाहर हो गई, थी। हादसे में छात्र अवनीश का एक पैर टूट चुका था एवं सिर पर गहरी चोटें थीं, यहां से लखीमपुर भेज दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना परिजनों को मिलने पर बिजुआ आए लोगों ने फिर गुस्से में बस वालों के साथ मारपीट भी की।
हर मिनट पड़ता है जुर्माना, कट जाता है बस का नंबर
बस यूनियन में नियम है कि एक मिनट बस अगर चेकपोस्ट (पड़रिया तुला, भीरा एवं महेवागंज) पर लेट पहुंचे तो परिचालक से जुर्माना पड़ता है, वहीं पीछे से आ रही दूसरी बस महज दस मिनट का अंतर है, उससे भी आगे ही रहना है, इसी चूहे बिल्ली की दौड़ में इस रोड पर इंसानी जानें खतरे में रहती हैं। पलिया से पड़रिया तुला के बीच 70 मिनट तय हैं, उसमें करीब 20 से ज्यादा स्टॉप पर बसें सवारियां उतारती एवं लेती हैं, इसके अलावा चेक पोस्ट पर करीब पांच मिनट रोककर जलपान भी करना होता है, ऐसे में परिचालक एवं चालक पर जुर्माना बचाने का दबाव ही आज एक घर का चिराग गुल कर गया।