भीरा। थाना क्षेत्र में एक स्कूल के प्रधानाचार्य/प्रबंधक पर छात्रा से छेड़खानी और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा की मां ने भीरा कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि 16 वर्षीय बेटी एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। आरोप है कि कॉलेज के प्रधानाचार्य/प्रबंधक पिछले चार महीने से उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहे थे। साथ ही प्रधानाचार्य छात्रा को मानसिक रूप से परेशान करते थे।
इतना ही नहीं इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर भी उसे तंग करते थे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कॉलेज बुलाकर छात्रा से छेड़खानी करने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप है कि प्रधानाचार्य ने उन्हें धमकी दी कि यदि वे इस मामले को आगे बढ़ाते हैं तो वह छात्रा का नाम कॉलेज से काट देंगे। उसकी टीसी पर चरित्रहीन लिखकर उसका भविष्य बर्बाद कर देंगे।
भीरा थानाध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। दोनों लोग आए नहीं। मामले की जांच की जा रही है।