गोला में प्रदर्शन करते वकील। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
गोला गोकर्णनाथ। तहसील गेट के सामने चारागाह की जमीन पर अवैध रूप से बनीं दुकानों को तहसील प्रशासन के सील करने के मामले में वकील जिला अधिवक्ता संघ के साथ एसपी से मिलेंगे। बुधवार को वकील हड़ताल पर रहे। तहसील में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यहां बता दें कि विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक के दुकानदारों का साथ देने से वकीलों ने मंगलवार को उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी और गंभीर आरोप लगाए। वहीं विधायक अरविंद गिरि ने इस मामले में सभी आरोपों को खारिज करते हुए अपनी सफाई दी थी।
बुधवार को बार संघ अध्यक्ष लालबिहारी वर्मा के नेतृत्व में वकील अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहे। विरोध प्रदर्शन करते हुए वकीलों ने तहरीर में नामजद लोगों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। लालबिहारी वर्मा ने बताया कि जिले से आए जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रत्याशी धर्मेंद्र शुक्ला और विश्वपाल वर्मा से परामर्श और वकील साथियों से बैठक कर अग्रिम निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ के साथ गोला से महामंत्री नरेंद्र शुक्ला, सुरेशचंद गुप्ता, प्रदीप सिंह काजल सहित प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिलेगा। बताया कि बुधवार को भी लखीमपुर में वरिष्ठ अधिवक्ता अजय पांडे ने समर्थन में दोषियों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग करते हुए डीएम को ज्ञापन दिया। इधर, प्रशासन ने शांति सुरक्षा के लिए तहसील परिसर में कस्बा चौकी इंचार्ज विजय शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
पूरे मामले की जांच चल रही है। शांति सुरक्षा के लिए तहसील में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। -रविंद्र कुमार वर्मा सीओ गोला
गोला बार संघ अध्यक्ष के समर्थन में आई मानवाधिकार सुरक्षा समिति
लखीमपुर खीरी। मानवाधिकार सुरक्षा समिति के संयोजक अधिवक्ता अजय कुमार पांडे ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि गोला तहसील प्रशासन ने चरागाह भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई गई 25 दुकानों को कब्जे में लिया है। अवैध दुकानें सीज होने एवं ध्वस्तीकरण की मांग किए जाने से रंजिश मानने वाले भू माफिया और उनके साथियों ने सोमवार को असलहों से तहसील में बार संघ अध्यक्ष सहित अन्य वकीलों के साथ गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए दौड़ा लिया। अधिवक्ताओं ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इस घटना को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी है। समिति के सदस्यों ने भूमाफिया पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई न की गई तो समिति सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी। इस दौरान अनंत मिश्रा सहित तमाम लोग मौजूद रहे। संवाद