लखीमपुर खीरी। रमियाबेहड़ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कैलाशनगर के एक शिक्षक 31 मार्च 2020 को सेवानिवृत्त होने के बाद भी दो माह का अतिरिक्त वेतन देने के मामले में सीडीओ अरविंद सिंह ने कार्रवाई की है। सीडीओ ने रमियाबेहड़ के बीईओ रामतिलक वर्मा को कठोर चेतावनी दी है और कनिष्ठ लिपिक विवेक कुमार की एक अस्थायी वेतनवृद्धि रोक दी है। साथ ही शिक्षकों की स्थापना संबंधी मामलों को लंबित रखने वाले कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश बीएसए को दिए हैं।
प्राथमिक विद्यालय कैलाशनगर के शिक्षक प्रदीप कुमार अवस्थी निवासी नीमगांव ने 16 जून 2020 को सीडीओ को शिकायती पत्र देकर बताया था कि उन्हें 31 मार्च 2020 को सेवानिवृत्त होना था, लेकिन सेवानिवृत्त नहीं किया गया और दो माह का अतिरिक्त वेतन भी दे दिया है। सीडीओ ने प्रकरण की जांच डायट प्रचार्य डॉ ओपी गुप्ता से कराई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इस पर सीडीओ ने रमियाबेहड़ के बीईओ रामतिलक वर्मा को कठोर चेतावनी दी है। जबकि कनिष्ठ लिपिक विवेक कुमार की एक अस्थाई वेतनवृद्धि को रोक दिया है। सीडीओ ने बीएसए को निर्देश दिए हैैं कि शिक्षकों के स्थापना संबंधी प्रकरणों का समय पर निस्तारण कराया जाए। प्रकरणों को बेवजह लंबित रखने वाले उत्तरदायी कर्मचारी/अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। संवाद
निजी रास्ते पर खड़ंजा लगाने के बाद नहीं हटाया तो सचिव को दिया नोटिस
लखीमपुर खीरी। नकहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत भानपुर के मजरा गौरतारा में एक व्यक्ति के निजी रास्ते पर खड़ंजा लगवाने के मामले में डीपीआरओ ने सचिव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इससे पहले एडीपीआरओ ने जांच के बाद खड़ंजा हटवाने के निर्देश दिए थे। भानपुर के प्रधान और सचिव ने मजरा गौरतारा में करीब 100 मीटर खड़ंजा गांव के ही एक व्यक्ति के निजी रास्ते पर लगवा दिया था। इसकी शिकायत होने पर एडीपीआरओ ने मामले की जांच की, जिसमें आरोप सही पाए जाने पर डीपीआरओ अजय श्रीवास्तव ने प्रधान और सचिव को दूसरे व्यक्ति की निजी जमीन पर लगे खड़ंजे को उखाड़ने के निर्देश दिए थे। काफी समय बीतने के बाद भी खड़ंजा नहीं हटवाया गया, तो फिर शिकायतकर्ता ने अधिकारियों को सूचना देकर सचिव पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। इसके बाद डीपीआरओ ने सचिव राहुल राजवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जबकि प्रधान को डीएम की ओर से नोटिस जारी करवाने की भी कार्रवाई प्रारंभ की गई है। संवाद