चंदनचौकी में कार्यक्रम को संबोधित करते राज्यमंत्री असीम अरुण। संवाद
पलियाकलां। समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने मंगलवार को चंदन चौकी क्षेत्र का दौरा किया। यहां उन्होंने आश्रम पद्धति राजकीय बालिका इंटर काॅलेज का जायजा लेने के साथ ही मेधावी छात्राओं को साइकिलें दीं। इस दौरान मंत्री ने विद्यालय में छात्रावास के अतिरिक्त भवन का उद्घाटन भी किया।
परियोजना कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार की छोटी से छोटी योजनाओं को परिवार के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। थारू क्षेत्र दुधवा पार्क के पास आबाद है और यहां नुकसान यह है कि जंगली जानवर गांव की ओर आ जाते हैं, लेकिन फायदा भी है कि अब थारू क्षेत्र में सरकार होम स्टे के जरिये रोजगार घर में ही रहकर दिलाने का कार्य करने जा रही है। इसके लिए सरकार ने बजट भी दिया है। दुधवा आने वाले सैलानियों को होम स्टे के जरिये लाभ मिलेगा।
कहा कि बिजली की समस्या जंगली क्षेत्र होने के कारण आती है, लेकिन हम सोलर प्लांट की ओर बढ़ रहे हैं। इस बीच कक्षा छह, नौ व 11 की 75 छात्राओं को साइकिलों का वितरण भी किया गया। बलेरा के हस्तशिल्प केंद्र का भी राज्यमंत्री ने निरीक्षण किया। परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने सरकार द्वारा थारू क्षेत्र के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारियां दीं। इस दौरान जनजाति विकास विभाग की उपनिदेशक प्रियंका वर्मा, पलिया एसडीएम डाॅ अवनीश कुमार, सीओ पलिया यादवेंद्र यादव, कोतवाल दृगपाल सिंह गौर, प्रधानाचार्या संध्या शुक्ला, गजेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में लोग व स्कूली छात्राएं मौजूद रहीं।