ममरी। थाना गोला के ग्राम खंबौल निवासी सलीम ने वर्ष 2025 में चेन स्नैचिंग की घटना से अपराध की शुरुआत की। इसके बाद वह लगातार वारदातों को अंजाम देता रहा। बुधवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम विष्णु बेहड़ के पास 24 नवंबर को मितौली थाना क्षेत्र के ग्राम बबौना निवासी सरिता देवी पत्नी फूलचंद से लूट हुई थी। वह गोला से ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने भाई को तिलक करने ग्राम घर धनिया जा रही थीं। इस दौरान बदमाश उनके जेवर लूटकर भाग गया था।
सीओ मितौली जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट का आरोपी भुसौरिया मार्ग पर जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी बाइक छोड़कर तमंचे से फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटे गए कुंडल, गले का लॉकेट, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। सीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ स्नैचिंग, चोरी और लूट समेत अन्य कई रिपोर्ट दर्ज हैं।