लखीमपुर खीरी/ फरधान। सीएचसी फरधान में तैनात संविदा स्टाफ नर्स की बृहस्पतिवार को लखनऊ में बुखार से मौत हो गई। उधर, जिला अस्पताल में भर्ती शहर निवासी एक युवक में डेंगू बुखार की पुष्टि हुई है।
लखीमपुर के मोहल्ला हाथीपुर निवासी 26 वर्षीय स्टाफ नर्स श्वेता श्रीवास्तव को पिछले चार दिन से बुखार आ रहा था। इस पर घरवालों ने उसे लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेयी ने बताया बुखार की जांच कराई गई थी, लेकिन डेंगू की पुष्टि नहीं हुई थी। बुखार पिछले चार दिन से आ रहा था।
उधर, बुखार आने के बाद जिला अस्पताल पहुंचे मोहल्ला अयोध्यापुरी निवासी 22 वर्षीय आयुष कुमार की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। इस पर आयुष को डेंगू वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। इससे जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 94 हो गई है। जबकि दो लोगों में मलेरिया बुखार की पुष्टि होने से आंकड़ा 275 पहुंच गया है।
श्वेता श्रीवास्तव का फाइल फोटो