गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। नगर के बाईपास रोड के निकट शुरू हुए तीन दिवसीय एसआरएल ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दिन पुरुष युगल जोड़ी में इलाहाबाद, लखनऊ की टीम और एकल मुकाबले में इलाहाबाद के समरेंद्र प्रताप सिंह विजयी रहे।
एसआरएल स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से कराए जा रहे बैडमिंटन टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसडीएम अखिलेश यादव ने किया। मैच का शुभारंभ एसडीएम और कमेटी उपाध्यक्ष अनिल वर्मा के बीच प्रदर्शनी मैच के साथ हुआ। कमेटी अध्यक्ष अतुल अग्रवाल ने बताया कि टूर्नामेंट में बिसवां, लखनऊ, इलाहाबाद, मोहम्मदी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, गोला, लखीमपुर सहित 64 टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन पुरुष युगल में इलाहाबाद के अभिनव प्रताप सिंह, सहबाज आलम की जोड़ी ने शाहजहांपुर की मिहिर वर्मा, गौरव राजवंशी को 21-16, 21-13 से और लखनऊ के दिग्विजय सिंह, राज शर्मा की जोड़ी ने गोला के हर्षित गुप्ता, जबीउल्ला को 21-16, 21-15 से पराजित किया। वहीं पुरुष एकल मुकाबले में इलाहाबाद के समरेंद्र प्रताप सिंह ने शाहजहांपुर के प्रदीप कुमार को 21-16, 21-16 से पराजित किया।