लखीमपुर खीरी। मध्य प्रदेश के भोपाल में हुई राष्ट्रीय स्तर की नेशनल ईएमआरएस स्पोर्ट्स मीट 2019 में हिस्सा लेने गए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय सौनहा चंदनचौकी के 56 विद्यार्थियों की टीम ने बेहतर प्रदर्शन कर 10 पदक जीते हैं। 50 मीटर तैराकी में सुखदेव, 100 मीटर तैराकी में अंकित, 50 किग्रा भारवर्ग की कुश्ती में राहुल और 60 किग्रा भारवर्ग में मोहनलाल ने गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सात दिसंबर को अपने आवास से खिलाड़ियों को रवाना किया था। 56 लोगों की टीम में 24 छात्र और 32 छात्राएं शामिल थीं। इनका चयन राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के आधार पर हुआ था। परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से प्रतियोगिता नौ से 13 दिसंबर 2019 तक कराई गई। अन्य राज्यों की टीमों से कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 100 मीटर तैराकी में छात्र संतराम और 65 किग्रा कुश्ती में छात्र रामस्वरूप ने सिल्वर मेडल हासिल किया। इसी तरह 40 किग्रा कुश्ती में छात्र रामभजन ने कांस्य पदक जीता। इसके अलावा बॉलीवांल बालक वर्ग में तृतीय स्थान, सीनियर बालिका हॉकी और जूनियर बालिका हॉकी में टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी हासिल की। परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने बताया कि तैराकी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र सुखदेव और अंकित, कुश्ती में प्रदर्शन करने वाले छात्र राहुल और मोहनलाल का चयन खेलो इंडिया में किया गया है। टीम के लौटने पर लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर विभाग उच्चाधिकारियों ने स्वागत किया। परियोजना अधिकारी ने बताया कि जनवरी 2020 के प्रथम सप्ताह में विभागीय मंत्री और प्रमुख सचिव की उपस्थिति में मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में सम्मान समारोह आयोजित कर विजयी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।