लखीमपुर खीरी। चुनाव आचार संहिता हट चुकी है। अब जिले में वाहनों के ऑटोमेटिक (स्वचालित) फिटनेस केंद्र संचालन की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ेगी। केंद्र संचालन के लिए परिवहन विभाग ने शासन से पत्राचार किया है। स्वीकृत मिलते ही जिले में यह सुविधा शुरू हो जाएगी। इससे वाहन स्वामियों को काफी राहत मिलेगी।
परिवहन विभाग ने वाहनों की फिटनेस जांच के लिए जिलों में ऑटोमेटिक फिटनेस केंद्र खोलने की योजना बनाई है। इसके लिए नवंबर में आवेदन मांगे गए थे। निर्धारित शर्तें भी बताई गई थीं। फिटनेस केंद्र कम से कम दो लेन का हो। राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग या जिला मार्ग के किनारे दो एकड़ जमीन होना भी इसकी शर्तों में शामिल है। आवेदकों ने ऑटोमेटिक फिटनेस केंद्र संचालन के लिए आवेदन किए थे।
परिवहन विभाग ने उन जमीनों का मुआयना भी कर लिया। इसकी रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजी जा चुकी है। एआरटीओ आलोक कुमार ने बताया कि शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद वाहनों के ऑटोमेटिक फिटनेस केंद्र का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे वाहन स्वामियों को काफी सुविधा मिलेगी। अब तक वाहनों की फिटनेस जांच मैनुअल तरीके से हो रही है।