संस्थागत वित्त सचिव व महानिदेशक और टास्क फोर्स के अध्यक्ष शिव सिंह ने बुधवार को यहां वार्षिक ऋण योजनाओं की समीक्षा की। कलक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक वीके सक्सेना ने कहा कि जिले में ऋण जमा अनुपात 76 प्रतिशत है जो कि भारतीय रिजर्व बैंक से तय 60 प्रतिशत से अधिक है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014-15 में जिले की वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्य 2562 करोड़ के सापेक्ष 2597 करोड़ की उपलब्धि रही है। फसली ऋण में जिले ने 110 प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त की है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंर्तगत महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए 950 समूह बनाने के लक्ष्य के सापेक्ष 988 समूह बनाए गए हैं और उनके बैंकों में खाते खुलवाए गए हैं। विशेष सचिव शिव सिंह यादव ने जिले की वार्षिक ऋण योजना और वित्त पोषित योजनाओं की प्रगति पर खुशी जताकर कहा कि जिले में विकास की अपार संभावनाओं का दोहन जरूरी है। इलाहाबाद बैंक के सहायक महाप्रबंधक और मंडल प्रमुख दिनेश अवस्थी ने कहा कि जिले के बैंकर्स ने पिछले वर्षों में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। बैठक में सीडीओ नितीश कुमार, एडीएम एसपी सिंह, सीएमओ विजय सिंह चौहान, पीके मिश्रा, एके सिंह, डीडीएम नाबार्ड पार्थ मित्रा, एके गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के साथ जिले के वरिष्ठ अधिकारी व बैंकों के संयोजक उपस्थित थे।