बीआर सी धौरहरा पर वोटर लिस्ट का मिलान करते बीएलओ- संवाद
लखीमपुर खीरी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मंगलवार से शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के प्रपत्र भरेंगे, लेकिन अभी तक काफी बीएलओ को प्रपत्र नहीं मिल पाए हैं। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अधिकांश जगह प्रपत्र पहुंचा दिए गए है, जहां रह गए हैं, वह बुधवार तक पहुंच जाएंगे। यह अभियान चार दिसंबर तक चलना है।
इधर, गोला के सहायक निर्वाचक एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तहसीलदार भीमचंद ने बताया कि बीएलओ प्रशिक्षण हो गया है। करीब चार लाख मतदाताओं पर 16 लाख गणना प्रपत्र उपलब्ध हो गए हैं। पुनरीक्षण के बाद नौ दिसंबर को मतदाता सूची प्रकाशन, दावा एवं आपत्ति 9 दिसंबर से 8 जनवरी तक, एआरओ द्वारा आपत्तियों का निस्तारण आठ से 31 जनवरी तक।
इधर, मंगलवार को धौरहरा बीआरसी केंद्र पर बीएलओ रजोले प्रसाद, मुकेश, कंचन देवी, रानी निगम और प्रदीप कुमार दीक्षित ने बताया कि मतदाता सूची में सुधार और नए नाम जोड़ने के लिए घर-घर जाकर प्रपत्र वितरित किए जाएंगे। कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए और फर्जी नाम सूची में न रहें, इसके लिए सत्यापन अभियान लगातार चल रहा है। एसडीएम शशिकांत मणि ने बताया मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध और अद्यतन बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आगामी चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें। संवाद